Brief By Newsbrief / 5:48 PM on 04 Feb 2026
नालंदा: जिले के रहुई थाना क्षेत्र के जगतनंदनपुर गांव में पुत्र की चाह से जुड़ी एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। ज़हर खाने से एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और बेटियों के प्रति सामाजिक भेदभाव की भयावह तस्वीर एक बार फिर सामने आई है।
मृत महिला की पहचान कविता देवी के रूप में हुई है, जिनकी शादी करीब दस वर्ष पहले जगतनंदनपुर गांव निवासी पिंटू यादव से हुई थी। शादी के बाद कविता ने दो बेटियों—गुंजन और सपना—को जन्म दिया था। मायके पक्ष का आरोप है कि बेटे को जन्म नहीं देने के कारण कविता को ससुराल में लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था।
परिजनों का कहना है कि इसी प्रताड़ना के चलते यह खौफनाक घटना हुई। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर कविता और उसकी दोनों बेटियों को ज़हर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही रहुई थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है।