Brief By Newsbrief / 9:10 AM on 04 Feb 2026
रांची : राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में मरीजों की ओपीडी पंजीकरण शुल्क को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अब रिम्स में ओपीडी पंजीकरण के लिए मरीजों को 5 रुपये की जगह 10 रुपये शुल्क देना होगा। यह निर्णय शासी परिषद की 64वीं बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने की।
बैठक में रिम्स के बुनियादी ढांचे और चिकित्सा सेवाओं के विस्तार को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। इसमें 500 बिस्तरों वाले नए भवन के निर्माण को मंजूरी दी गई, जिससे मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और अस्पताल पर बढ़ते दबाव को कम किया जा सकेगा।
इसके साथ ही रिम्स में चार नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग खोलने पर भी सहमति बनी है। इनमें गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग प्रमुख रूप से शामिल है। इन विभागों के शुरू होने से गंभीर और जटिल बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा।
बैठक में कई अन्य प्रशासनिक और विकास संबंधी एजेंडों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। सरकार का मानना है कि इन फैसलों से रिम्स को राज्य के प्रमुख सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में और मजबूत किया जा सकेगा।