Brief By Newsbrief / 5:52 PM on 31 Jan 2026
देवघर: नगर निगम चुनाव को लेकर महापौर पद के लिए सियासी हलचल तेज हो गई है। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही समाहरणालय परिसर में दिनभर गहमागहमी का माहौल देखने को मिला। समाहरणालय स्थित अपर आयुक्त कार्यालय में महापौर पद के लिए दो उम्मीदवारों ने पूरे दमखम के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
महापौर पद के लिए सबसे पहले नामांकन करने वाले उम्मीदवार उमाशंकर सिंह हैं। वे पूर्व मेयर के करीबी माने जाते हैं और हाल ही में लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशी निशिकांत दुबे के समर्थन में प्रचार करते नजर आए थे। उनका दावा है कि वे देवघर के विकास को नई गति देने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चुनावी मैदान में उतरे हैं।
दूसरे उम्मीदवार रवि राउत हैं, जो वर्तमान में वार्ड पार्षद हैं। हाल ही में उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ली थी, जिसके बाद पार्टी ने उन्हें महापौर पद का उम्मीदवार घोषित किया। रवि राउत ने भी समर्थकों के साथ पूरे जोश और उत्साह के साथ नामांकन दाखिल किया।
दोनों उम्मीदवारों ने शहर के सर्वांगीण विकास, मूलभूत समस्याओं के समाधान और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने को अपनी प्राथमिकता बताया है। अब देवघर की नगर सरकार के लिए मुकाबला रोचक होता नजर आ रहा है।