Brief By Newsbrief / 4:08 PM on 31 Jan 2026
पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं ने क्षेत्र में सनसनी मचा दी थी। 18-19 जनवरी को कजरात नावाडीह में अवैध शराब के विवाद में दो गुटों के बीच मारपीट और हवाई फायरिंग हुई थी। इसके बाद 20 जनवरी को ए.के. सिंह कॉलेज, जपला परिसर में परीक्षा के दौरान छात्रों के बीच विवाद के दौरान भी मारपीट और हवाई फायरिंग की घटना सामने आई।
हुसैनाबाद के एसडीपीओ एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने इन दोनों मामलों की गहन जांच की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रौशन कुमार सिंह, सत्यम कुमार सिंह, लड्डू कुमार सिंह, दीपक कुमार सिंह और चीकू उर्फ विकास कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों की निशानदेही पर एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।
एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अहम मानी जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।