Back

पलामू में सनकी दामाद का खूनी तांडव, ससुर की चाकू मारकर हत्या

Brief By Newsbrief / 11:32 AM on 30 Jan 2026


पलामू : जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लबैया पंचायत के गहेरिया गांव में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक सनकी दामाद ने चाकू से हमला कर अपने ससुर की हत्या कर दी, जबकि पत्नी और साली को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मृतक की पहचान सुनील यादव के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी दामाद लवकुश यादव घटना के बाद से फरार है। जानकारी के अनुसार लवकुश यादव बाहर राज्य में काम करता था और हाल ही में ट्रेन से जपला रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां से वह सीधे अपने ससुराल गहेरिया गांव आया और पत्नी को अपने साथ ले जाने को लेकर विवाद करने लगा।

कहासुनी के दौरान आरोपी ने पहले पत्नी रीता देवी पर चाकू से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे ससुर सुनील यादव पर भी उसने ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर साली कविता कुमारी भी पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल रीता देवी और कविता कुमारी को मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Read more on Newsbrief