Brief By Newsbrief / 3:30 PM on 27 Jan 2026
रांची: झारखंड में लंबे इंतजार के बाद नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है। राज्य निर्वाचन आयोग ने घोषणा की है कि राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना और परिणामों की घोषणा 27 फरवरी 2026 को होगी। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अल्का तिवारी ने बताया कि यह चुनाव गैर-दलीय आधार पर होंगे और मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा। इस चुनाव में NOTA का कोई प्रावधान नहीं रखा गया है। वोटर आईडी के अलावा अन्य मान्य पहचान पत्रों के आधार पर भी मतदाता वोट डाल सकेंगे।
इन चुनावों में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं। कुल मतदाताओं की संख्या 43 लाख से अधिक है, जिसमें पुरुष और महिला मतदाता लगभग बराबर हैं। राज्य भर में 4 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।
गौरतलब है कि ट्रिपल टेस्ट पूरा होने के बाद राज्य में पहली बार नगर निकाय चुनाव हो रहे हैं। वर्ष 2020 से कोरोना महामारी, ओबीसी आरक्षण और कानूनी अड़चनों के कारण चुनाव लंबित थे। हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद अब लोकतांत्रिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सका है।