Back

धनबाद में मानवता शर्मसार, कपड़ा व्यापारी ने महिला स्वीपर को झाड़ू से पीटा

Brief By Newsbrief / 5:18 PM on 26 Jan 2026


धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोक नगर में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। पेशे से सफाईकर्मी महिला मंजू देवी के साथ एक कपड़ा व्यापारी द्वारा मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है। पीड़िता मंजू देवी झरिया के कोयरीबांध की रहने वाली है और रोज़ की तरह सफाई कार्य कर रही थी।

पीड़िता के अनुसार, सफाई के दौरान दुकानदार ने उन्हें बुलाकर अलग-अलग जगहों पर सफाई करने को कहा। पास में शौच होने की जगह साफ करने के लिए जब वह वहां पहुंची, तभी दुकानदार ने अचानक उनका झाड़ू छीन लिया और साड़ी पकड़कर खींचते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि दुकानदार ने झाड़ू से महिला के कान, हाथ और सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद महिला ने आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग पीड़िता को लेकर झरिया थाना पहुंचे, जहां आरोपी दुकानदार के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए घटना को अपमानजनक और अमानवीय बताया। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Read more on Newsbrief