Brief By Newsbrief / 5:00 PM on 26 Jan 2026
रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड अंतर्गत डहू गांव में जंगली लकड़बग्घे के हमले से दहशत का माहौल है. बीती रात एक जंगली लकड़बग्घा किसान रामचंद्र महतो के घर में घुस आया और भेड़ों पर हमला कर दिया. इस हमले में किसान की आठ भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई. भेड़ पालन से अपने परिवार की आजीविका चलाने वाले रामचंद्र महतो को इस घटना से भारी आर्थिक क्षति हुई है.घटना के बाद गांव में अफरा तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह लकड़बग्घे को भगाया. ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी क्षेत्र में जंगली जानवरों की आवाजाही देखी गई है. पशुपालन पर निर्भर इस इलाके में ऐसे हमलों से लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है.ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. साथ ही पीड़ित किसान रामचंद्र महतो को अविलंब मुआवजा देने की भी मांग की गई है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में जान माल का और भी बड़ा नुकसान हो सकता है.