Back

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार धनबाद पहुंचे आदित्य साहू, सरकार पर साधा निशाना

Brief By Newsbrief / 12:25 PM on 26 Jan 2026


धनबाद : झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद आदित्य साहू पहली बार देवघर होते हुए धनबाद पहुंचे। उनके आगमन पर मेमको मोड़ में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया, जिसके बाद टाउन हॉल में भव्य स्वागत सभा का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय परिषद सदस्य पीएन सिंह, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा, रागिनी सिंह, शत्रुघ्न महतो सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

स्वागत सभा को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले नगर निकाय चुनाव में भाजपा पूरी एकजुटता के साथ एक ही उम्मीदवार को समर्थन देगी, जिससे पार्टी की जीत सुनिश्चित हो सके। चुनाव प्रक्रिया को लेकर उन्होंने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार चुनाव से डर रही है और इसी कारण बैलेट पेपर से चुनाव कराए जा रहे हैं। उन्होंने इसे चुनाव में गड़बड़ी की मंशा से जुड़ा फैसला बताया।

प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य में बढ़ते अपराध पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बच्चियों के अपहरण जैसी घटनाएं गंभीर हैं और प्रशासन भाजपा के आंदोलनों के बाद ही सक्रिय होता है। यूजीसी कानून को लेकर उठ रही आशंकाओं पर उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि केंद्र सरकार ने 10 प्रतिशत आरक्षण देकर सम्मान देने का कार्य किया है। सभा का समापन संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।

Read more on Newsbrief