Back

उड़ीसा की करोड़ों की बैंक डकैती का खुलासा, धनबाद से दो शातिर डकैत गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 12:54 PM on 24 Jan 2026


धनबाद: उड़ीसा के क्योंझर जिले के बड़बिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 19 जनवरी को हुई करोड़ों रुपये की डकैती का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। इस मामले में ओडिसा पुलिस और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने झारखंड के धनबाद जिले में छापेमारी कर दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही लूट से जुड़े अहम सामान भी बरामद किए गए हैं।

शनिवार को धनबाद समाहरणालय स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ओडिसा के क्योंझर जिले के अपर पुलिस अधीक्षक प्रत्यूष मोहपात्रा ने संयुक्त रूप से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डकैती के बाद बड़बिल थाना में मामला दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू किया गया था। जांच के दौरान इस वारदात की कड़ियां धनबाद से जुड़ती नजर आईं।

इसके बाद ओडिसा पुलिस की टीम धनबाद पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से निरसा और सिंदरी क्षेत्र में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान डकैती में शामिल 288 ग्राम सोना, घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन और चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस ने चासनाला निवासी राज कुमार सिंह (27) और निरसा निवासी कुणाल राज वर्मा (33) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला चुनौतीपूर्ण था, लेकिन दोनों राज्यों की पुलिस के समन्वित प्रयास से त्वरित उद्भेदन संभव हो सका। सिटी एसपी ने बताया कि डकैती के दौरान करीब 5 से 6 किलो सोना लूटा गया था, जिसकी कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। फिलहाल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Read more on Newsbrief