Brief By Newsbrief / 7:03 PM on 23 Jan 2026
जमशेदपुर से गुजरात के कारोबारी कैरव गांधी के अपहरण को दस दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। कैरव गांधी किसी व्यावसायिक कार्य से जमशेदपुर आए थे, तभी 12 जनवरी को उनका अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और झारखंड सहित अन्य राज्यों में भी छापेमारी की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
इस मामले को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि एक कारोबारी का अपहरण हो जाना और इतने दिनों तक उसका कोई पता न चलना राज्य की कानून-व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस हर घटना के बाद देर से सक्रिय होती है।
दीपक प्रकाश ने चैंबर ऑफ कॉमर्स की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कारोबारी के अपहरण पर चैंबर को आंदोलन करना चाहिए था, लेकिन वह मुख्यमंत्री के साथ विदेश यात्रा में व्यस्त है। वहीं, पुलिस का दावा है कि जांच सही दिशा में चल रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करते हुए कैरव गांधी को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।