Brief By Newsbrief / 5:37 PM on 23 Jan 2026
सरायकेला: जिले के गम्हरिया प्रखंड कार्यालय से सटे मोतीनगर में सरस्वती पूजनोत्सव की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब 38 वर्षीय युवक परितोष कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परितोष किसी निजी कंपनी में ठेकेदारी का काम करता था और अपने परिवार के साथ मोतीनगर में रहता था।
शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर परितोष का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही घर में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, परितोष पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था, हालांकि आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और दो बेटों को छोड़ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।