Brief By Newsbrief / 4:23 PM on 23 Jan 2026
अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षा सचिव से मुलाकात कर आठवीं बोर्ड परीक्षा से जुड़ी गंभीर समस्याओं की जानकारी दी. संघ ने बताया कि झारखंड अधिविद्य परिषद JAC के पोर्टल में तकनीकी और प्रशासनिक कारणों से बड़ी संख्या में आठवीं कक्षा के विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा का फॉर्म नहीं भर पाए हैं. इससे कई छात्र परीक्षा प्रक्रिया से वंचित होने की स्थिति में हैं.संघ ने मांग की कि प्रभावित विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए JAC पोर्टल को कम से कम दो दिनों के लिए पुनः खोला जाए ताकि सभी छात्र अपना फॉर्म भर सकें. शिक्षकों ने कहा कि पोर्टल न खुलने की स्थिति में छात्रों पर अनावश्यक मानसिक दबाव पड़ेगा और उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी.शिक्षा सचिव ने संघ की बातों को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों से विचार विमर्श कर इस समस्या का व्यावहारिक समाधान निकाला जाएगा.बैठक के दौरान संघ ने अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की. इनमें शिक्षक पात्रता परीक्षा TET से जुड़े विषय और नव नियुक्त सहायक आचार्यों के लंबित वेतन भुगतान की समस्याएं शामिल थीं. संघ ने इन मांगों के शीघ्र निपटारे की अपील की.इस बैठक को सकारात्मक बताया गया और शिक्षकों को उम्मीद है कि छात्रों और शिक्षकों के हित में जल्द ठोस निर्णय लिए जाएंगे.