Back

ओवरहेड रोपवे बना जानलेवा, डीसी ने दो दिन में हटाने का दिया आदेश

Brief By Newsbrief / 4:08 PM on 21 Jan 2026


धनबाद : सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला प्रशासन सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में बीसीसीएल के पुराने ओवरहेड रोपवे को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है। ये रोपवे दशकों से सड़कों पर अतिक्रमण कर रहे हैं, जो न केवल यातायात में बाधा बन रहे हैं बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकते हैं।

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसके बाद डीसी आदित्य रंजन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर बीसीसीएल के ओवरहेड रोपवे सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं, उन्हें अगले दो दिनों के भीतर नियमपूर्वक हटाया जाए। डीसी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति लोहा चोरी के उद्देश्य से इन रोपवे के पास जाता है तो उसकी जान भी खतरे में पड़ सकती है।

इसके साथ ही डीसी ने बीसीसीएल प्रबंधन को निर्देश दिया कि खदान क्षेत्रों से मुख्य सड़कों पर निकलने वाले मुहानों पर अनिवार्य रूप से स्पीड ब्रेकर का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि भारी मालवाहक वाहन जब तेज गति से मुख्य सड़क पर आते हैं, तो दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। स्पीड ब्रेकर से वाहनों की गति नियंत्रित होगी और सड़क हादसों में कमी लाई जा सकेगी।

Read more on Newsbrief