Back

दशम फॉल के पास भीषण सड़क हादसा, हाईवा–ट्रेलर टक्कर में चालक की मौत

Brief By Newsbrief / 6:08 PM on 20 Jan 2026


रांची–जमशेदपुर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह घटना दशम फॉल थाना क्षेत्र के नवाडीह गांव के पास हुई, जहां राजधानी रांची की ओर से आ रहे एक खाली हाईवा ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।

हादसे में हाईवा चालक बुधन लाल उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़ा ट्रेलर मुल्तानी मिट्टी लादकर ओडिशा की ओर जा रहा था, लेकिन ब्रेकडाउन होने की वजह से चालक ने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया था और आग ताप रहा था। इसी दौरान अंधेरे में तेज रफ्तार से आ रहे खाली हाईवा ने ट्रेलर में टक्कर मार दी।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कम रोशनी और तेज गति के कारण हाईवा चालक को ट्रेलर दिखाई नहीं दिया, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Read more on Newsbrief