Back

रांची GPO में दिनदहाड़े डेढ़ लाख की चोरी, एजेंट का बैग काटकर फरार हुए चोर

Brief By Newsbrief / 5:48 PM on 20 Jan 2026


रांची: कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत जनरल पोस्ट ऑफिस (GPO) में शुक्रवार को दिनदहाड़े चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. कलेक्शन का पैसा जमा करने पहुंचे एक एजेंट को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए उसके बैग से करीब डेढ़ लाख रुपये चुरा लिए और फरार हो गए.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एजेंट जैसे ही GPO परिसर में पहुंचा, इसी दौरान किसी ने उसके बैग को धारदार हथियार से काट दिया. बैग में रखी नकदी निकालकर चोर मौके से फरार हो गए. जब एजेंट को इसकी भनक लगी तो उसने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की वारदात किस तरह और किन लोगों ने अंजाम दी.

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और GPO जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी हुई है.

Read more on Newsbrief