Back

शेयर बाजार में भारी गिरावट. निवेशकों के 10.12 लाख करोड़ रुपये डूबे.

Brief By Newsbrief / 5:23 PM on 20 Jan 2026


भारतीय शेयर बाजार आज 20 जनवरी, मंगलवार को बुरी तरह टूट गया. लगातार दूसरे दिन बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों को बड़ा झटका लगा. आज की गिरावट इतनी तेज रही कि एक ही दिन में निवेशकों की करीब 10.12 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति स्वाहा हो गई. बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव देखने को मिला और दिनभर बाजार लाल निशान में बना रहा.आज सेंसेक्स 1065 अंक टूटकर 82,180.47 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी में 353 अंकों की गिरावट दर्ज की गई और यह 25,232.50 पर बंद हुआ. निफ्टी बैंक भी दबाव में नजर आया और इसमें 487 अंकों की भारी गिरावट देखने को मिली. इंट्राडे कारोबार के दौरान हालात और खराब रहे, जब सेंसेक्स करीब 1200 अंक और निफ्टी लगभग 400 अंक तक नीचे फिसल गया.BSE के टॉप 30 शेयरों में से केवल HDFC Bank ही मजबूती के साथ टिक पाया. बाकी के 29 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. जोमैटो के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखी गई और यह 4 फीसदी से अधिक टूट गया. इसके अलावा बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, इंडिगो, रिलायंस और टीसीएस जैसे दिग्गज शेयरों में भी जोरदार गिरावट देखने को मिली.बाजार की इस गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है और आने वाले दिनों को लेकर अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है.

Read more on Newsbrief