Brief By Newsbrief / 4:42 PM on 20 Jan 2026
रांची: झारखंड में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है. 48 नगर निकायों में होने वाले इस चुनाव को सभी राजनीतिक दल प्रतिष्ठा का प्रश्न बना चुके हैं. खास तौर पर बीजेपी के लिए यह चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि हाल ही में आदित्य साहू को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है. ऐसे में यह मुकाबला उनके लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है.
सूत्रों के अनुसार, पिछले नगर निगम चुनावों में अधिकांश मेयर बीजेपी से जुड़े उम्मीदवार बने थे. आदित्यपुर से विनोद श्रीवास्तव, हजारीबाग से रोशन तिर्की, गिरिडीह से सुनील पासवान, मेदिनीनगर से अरुणा शंकर, रांची से आशा लकड़ा और धनबाद से शेखर अग्रवाल की जीत ने बीजेपी का दबदबा दिखाया था. हालांकि इस बार मुकाबला पहले जैसा आसान नहीं माना जा रहा.
झारखंड मुक्ति मोर्चा पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर चुका है और कांग्रेस भी अपने दावेदारों से फॉर्म भरवा रही है. महागठबंधन के भीतर खींचतान के संकेत भी दिख रहे हैं. उधर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का दावा है कि पार्टी सभी 48 निकायों में जीत दर्ज करेगी. अब देखना यह है कि क्या बीजेपी अपना दबदबा कायम रख पाएगी या झामुमो उसकी राह में रोड़ा बनेगा.