Brief By Newsbrief / 11:16 AM on 19 Jan 2026
बेरमो: झारखंड के बोकारो जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला बेरमो अनुमंडल का है, जहां रविवार देर रात हाथियों ने एक युवक की जान ले ली। मृतक पेशे से फल विक्रेता था और किसी काम से कार से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में हाथियों का झुंड अचानक सामने आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों ने कार को घेर लिया और युवक को जबरन बाहर खींच लिया। इसके बाद हाथियों ने उसे पटक-पटक कर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ी है, लेकिन वन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोग रात में घर से निकलने से भी डर रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और हाथियों की निगरानी बढ़ाने की बात कही है। वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और वे मुआवजे व सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।