Brief By Newsbrief / 8:25 AM on 19 Jan 2026
सरायकेला: जिले में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राजनीतिक सरगर्मी तेज कर दी है। पार्टी ने जिले के तीनों नगर निकायों—आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद—के लिए मेयर और अध्यक्ष पद के अपने समर्थित प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही सभी वार्डों में भी पार्टी उम्मीदवारों के नाम तय कर दिए गए हैं।
रविवार को गम्हरिया स्थित झामुमो कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने प्रत्याशियों के नामों का औपचारिक ऐलान किया। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर नगर निगम के मेयर पद के लिए भुगलु सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन, सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए हरिहर लोहार तथा कपाली नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए सरवर आलम को पार्टी का समर्थन मिलेगा।
डॉ. महतो ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन से पहले संगठन स्तर पर व्यापक विचार-विमर्श और सहमति बनाई गई है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के उम्मीदवार विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। झामुमो की इस घोषणा के बाद जिले की राजनीति में चुनावी माहौल और तेज हो गया है।