Back

स्लीपर बसों की सुरक्षा पर बड़ा फैसला, रांची में बर्थ के स्लाइडर हटाने के निर्देश

Brief By Newsbrief / 3:32 PM on 17 Jan 2026


रांची: राजधानी रांची में स्लीपर बसों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने अहम फैसला लिया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर अब स्लीपर बसों में लगे बर्थ के स्लाइडर हटाए जाएंगे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में यात्री बर्थ के भीतर फंस न सकें। इस क्रम में 16 जनवरी को कांटाटोली स्थित खादगढ़ा बस स्टैंड पर स्लीपर बसों की विशेष जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट (CIRT) की टीम ने स्लीपर बसों की संरचना और सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया। टीम ने ड्राइवर केबिन में लगे पार्टीशन दरवाजे को हटाने और सभी स्लीपर कोचों को अस्थायी रूप से वापस बुलाने का सुझाव दिया।

प्रशासन ने सभी स्लीपर बसों में फायर डिटेक्शन एंड सप्रेशन सिस्टम (FDSS) लगाने के लिए एक माह की समय सीमा तय की है। साथ ही प्रत्येक बस में कम से कम 10 किलो क्षमता का फायर एक्सटिंग्विशर रखना अनिवार्य किया गया है।

इसके अलावा, चेसिस एक्सटेंशन वाली बसों को तत्काल संचालन से हटाने, मान्यता प्राप्त एजेंसी से रजिस्ट्रेशन कराने और बस लेआउट ड्राइंग अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान 21 वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों को नोटिस जारी किया गया।

Read more on Newsbrief