Brief By Newsbrief / 5:34 PM on 16 Jan 2026
पटना में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की संसदीय दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जो करीब दो घंटे तक चली। बैठक में पार्टी के सभी सांसदों के साथ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मौजूद रहे। इस दौरान आगामी बजट सत्र को लेकर पार्टी की रणनीति, संसद में उठाए जाने वाले मुद्दों और सरकार को घेरने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद बक्सर से राजद सांसद सुधाकर सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि यह बैठक बेहद अहम थी। उन्होंने कहा कि बजट सत्र में राजद बिहार से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। विशेष रूप से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग पार्टी की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रहेगी।
सुधाकर सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित “समृद्ध यात्रा” पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने बिहार को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि गंदे पानी और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के कारण लोगों की जान जा रही है, जो सरकार की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
राजद सांसद ने यह भी कहा कि सत्ताधारी दल को बिहार की जनता और उसकी समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि राजद संसद के भीतर और बाहर, दोनों स्तरों पर बिहार के अधिकार और सम्मान की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगा।