Brief By Newsbrief / 10:21 AM on 16 Jan 2026
जमशेदपुर : प्रतिष्ठित व्यवसायी देवांग गांधी के बेटे कैरव गांधी के अपहरण मामले में तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना से शहर में दहशत का माहौल है और कारोबारी वर्ग में चिंता बढ़ गई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इस अपहरण की साजिश बिहार के कुख्यात छोटू यादव–जॉन गिरोह ने रची थी। गिरोह को स्थानीय स्तर पर जमशेदपुर के कुछ युवकों का सहयोग भी मिला, जिन्होंने रेकी से लेकर अन्य तकनीकी मदद मुहैया कराई।
सूत्रों के अनुसार, अपहर्ताओं ने कैरव गांधी की सुरक्षित रिहाई के बदले 10 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो बिहार और झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस अधिकारी दावा कर रहे हैं कि जल्द ही अपहृत कैरव गांधी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा और इस संगठित अपराध में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।