Brief By Newsbrief / 7:51 AM on 16 Jan 2026
रांची: झारखंड में कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक ठंड गुमला जिले में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी रांची के कांके, मैक्लुस्कीगंज और खूंटी जिले में भी ठंड का प्रकोप बना हुआ है।
भीषण ठंड के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं, मजदूरों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है और नौकरीपेशा लोगों को सुबह ड्यूटी पर जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों और छोटे बच्चों की हालत ज्यादा खराब है। शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और बाजारों की रौनक भी फीकी पड़ गई है।
रांची जिला प्रशासन ने कक्षा छह तक के स्कूलों की छुट्टियां शनिवार तक बढ़ा दी हैं। वहीं, सड़क पर रहने वाले लोग अलाव की लकड़ी न मिलने के कारण टायर और कचरा जलाकर ठंड से बचने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के 13 जिलों में शीतलहरी का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 17 से 19 जनवरी के बीच तापमान में 5 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।