Back

धनबाद में बच्चा अपहरण की कोशिश से हड़कंप, बस स्टैंड पर महिला ने 9 वर्षीय बच्चे को छीना

Brief By Newsbrief / 5:44 PM on 15 Jan 2026


धनबाद: झारखंड में हाल ही में रांची से अपहृत बच्चों की बरामदगी के बाद सतर्कता के बीच धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र से बच्चा अपहरण की कोशिश का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गुरुवार को इंदिरा चौक बस स्टैंड पर एक संदिग्ध महिला ने 9 वर्षीय बच्चे को उसकी मां की गोद से जबरन छीनने का प्रयास किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जोड़ापोखर निवासी रेवती देवी अपने पुत्र रियौन राज के साथ ऑटो से बोकारो के करमाटांड़ स्थित मायके जाने की तैयारी में थीं। इसी दौरान एक अज्ञात महिला ने अचानक बच्चे का हाथ पकड़ लिया और उसे अपना बेटा बताकर असली मां को ही चोर बताने लगी। धक्का-मुक्की देख वहां मौजूद लोग जुट गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बाघमारा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं व बच्चे को थाने ले गई। जांच के दौरान मां ने आधार कार्ड व जन्म प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया, जिसके बाद बच्चे को उसकी असली मां को सौंप दिया गया। थाना प्रभारी अजित कुमार ने बताया कि संदिग्ध महिला हिरासत में है, उसकी मानसिक स्थिति की जांच कराई जा रही है। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

Read more on Newsbrief