Back

लातेहार में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, SJMM का कुख्यात उग्रवादी जगन्नाथ सिंह गिरफ्तार

Brief By Newsbrief / 11:43 AM on 15 Jan 2026


लातेहार: जिले में नक्सल और उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। लातेहार पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन झारखंड संघर्ष जनमुक्ति परिषद (SJMM) से जुड़े सक्रिय और कुख्यात उग्रवादी जगन्नाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी चंदवा थाना क्षेत्र से की गई है।

पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को जगन्नाथ सिंह की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी के निर्देश पर चंदवा थाना प्रभारी रणधीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थान पर छापेमारी कर घेराबंदी की और उग्रवादी को दबोच लिया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जगन्नाथ सिंह SJMM संगठन का पुराना और सक्रिय सदस्य है। वह चंदवा थाना कांड संख्या 94/18 में नामजद आरोपी है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार रहते हुए वह पहचान और ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।

फिलहाल गिरफ्तार उग्रवादी से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उससे संगठन के नेटवर्क, अन्य सक्रिय सदस्यों और उग्रवादी गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारियां मिलेंगी। आगे की कार्रवाई कानून के अनुसार की जा रही है।

Read more on Newsbrief