Back

पश्चिमी सिंहभूम के 6 एथलीट राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री में दिखाएंगे दम

Brief By Newsbrief / 3:26 PM on 13 Jan 2026


चाईबासा : 24 जनवरी को रांची में आयोजित होने वाली 60वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में झारखंड की 30 सदस्यीय टीम में पश्चिमी सिंहभूम जिले के 6 एथलीटों का चयन हुआ है। ये खिलाड़ी अलग-अलग वर्गों में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। पुरुष वर्ग 10 किलोमीटर में लालू कालुंडिया, महिला वर्ग 10 किलोमीटर में दिलकी पारेया और बा माई तिरीया, अंडर-20 बालक वर्ग 8 किलोमीटर में मांगू इचागुटू और सन्नी कोडा, जबकि अंडर-20 बालिका वर्ग में चोमन सुंडी शामिल हैं।

इन खिलाड़ियों का चयन झारखंड एथलेटिक्स की चयन समिति की जूम बैठक के माध्यम से किया गया। बैठक में झारखंड एथलेटिक्स एसोसिएशन की प्लानिंग कमेटी के चेयरमैन मधुकांत पाठक, संघ अध्यक्ष सी. डी. सिंह, सचिव शिवकुमार पांडेय, कोच बिनोद कुमार सिंह सहित सदस्य योगेश प्रसाद, अजय नायक और रितेश आनंद मौजूद थे।

चयन का आधार हाल ही में लातेहार के महुआडांड़ में आयोजित राज्य स्तरीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता रहा, जहां महिला वर्ग में पश्चिमी सिंहभूम ओवरऑल चैंपियन बना था। पश्चिमी सिंहभूम एथलेटिक्स संघ के महासचिव अजय नायक ने जिला प्रशासन और खेल विभाग से खेल आवासीय या डे-बोर्डिंग सेंटर खोलने की मांग दोहराई।

अंतरराष्ट्रीय एथलीट अजय नायक को 60वीं राष्ट्रीय क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। सभी चयनित खिलाड़ियों को जिला ओलंपिक एसोसिएशन और खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दी हैं।

Read more on Newsbrief