Back

जमशेदपुर में सनसनीखेज हत्या, पहचान पूछकर उपमुखिया के पति को मारी गोली

Brief By Newsbrief / 10:22 AM on 13 Jan 2026


जमशेदपुर : गालूडीह थाना क्षेत्र में सोमवार रात अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। खड़िकालोनी स्थित एक प्रज्ञा केंद्र में घुसकर बदमाशों ने उलदा पंचायत की उपमुखिया आशारानी महतो के पति तारापद महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार तारापद महतो, जो पुतरू गांव के निवासी थे, पिछले करीब दो वर्षों से खड़िकालोनी में प्रज्ञा केंद्र का संचालन कर रहे थे। सोमवार को टुसू पर्व के कारण केंद्र पर काफी भीड़ थी। रात करीब आठ बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं ऑनलाइन पैसे निकालने के लिए केंद्र में मौजूद थीं।

इसी दौरान बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक केंद्र पहुंचे और अंदर घुसते ही तारापद महतो से उनकी पहचान पूछी। पहचान की पुष्टि होते ही बदमाशों ने पिस्तौल निकालकर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया जा रहा है कि उन्हें दो गोलियां लगीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।

फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

Read more on Newsbrief