Brief By Newsbrief / 4:11 PM on 12 Jan 2026
रामगढ: यह मामला 9 जनवरी का बताया जा रहा है और पतरातू थाना क्षेत्र की डीजल कॉलोनी में घटित हुआ. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति बच्चे के हाथ-पैर बांधकर उसे अर्धनग्न अवस्था में पीट रहा है. वीडियो की सत्यता की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल कदम उठाया.
पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता के अनुसार, पीड़ित बच्चे के बड़े भाई की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू प्रसाद उर्फ टिकाधारी के रूप में हुई है, जिसे शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस वारदात में कॉलोनी के दो अन्य लोगों की भी भूमिका हो सकती है. आरोप है कि बबलू प्रसाद और उसके साथियों ने बच्चे को रोककर उस पर पैसे चोरी करने का आरोप लगाया और फिर उसके साथ मारपीट की.
फिलहाल पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.