Brief By Newsbrief / 2:30 PM on 08 Jan 2026
बिहार में लगातार मिल रही बम धमकियों ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पटना सिविल कोर्ट के बाद अब गया जी और किशनगंज सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस सूचना के बाद दोनों कोर्ट परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
किशनगंज सिविल कोर्ट को मिली धमकी की पुष्टि कोर्ट मैनेजर ने की है। किशनगंज के एसपी सागर कुमार ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल प्रथम दृष्टया तमिलनाडु से भेजा गया प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
वहीं गया जी सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिलने के बाद पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को मौके पर तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन किसी भी प्रकार की चूक से बचने के लिए उच्च स्तर की सतर्कता बरती जा रही है।
दोनों मामलों में साइबर सेल की मदद से धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है। प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।