Brief By Newsbrief / 10:30 AM on 07 Jan 2026
चाईबासा: जिले में एक पागल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। बड़ापासिया क्षेत्र के डुगुडबासा गांव में खेत और खलिहान की रखवाली कर रहे दो युवकों पर देर रात हाथी ने अचानक हमला कर दिया। हाथी ने दोनों को पटक-पटककर कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। रात का समय होने के कारण आसपास कोई मौजूद नहीं था, जो उनकी जान बचा पाता।
हाथी का आतंक यहीं नहीं थमा। इसके बाद हाटगमरिया प्रखंड के सियालजोड़ गांव में हाथी ने दो लोगों और एक बच्चे पर हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल हाटगमरिया प्रखंड अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों में टिपिरिया हेंब्रम (45), उनके पुत्र खुरपा हेंब्रम (9) और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। बताया गया कि सभी बुधवार सुबह अपने घर के आंगन में आग ताप रहे थे, तभी हाथी ने अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है और वन विभाग से हाथी को नियंत्रित करने की मांग की जा रही है।