Brief By Newsbrief / 5:47 PM on 06 Jan 2026
मोतिहारी: दुनिया का सबसे विशाल और अद्वितीय शिवलिंग अब बिहार के पूर्वी चंपारण में पहुंच चुका है। गोपालगंज के डुमरिया घाट सेतु को पार कर 210 मीट्रिक टन वजनी यह शिवलिंग मोतिहारी में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर परिसर में लाया गया। जिला प्रशासन, विशेषज्ञों और सुरक्षा बलों की निगरानी में इसे नारायणी नदी के पार पूरी सावधानी से पहुंचाया गया।
जैसे ही शिवलिंग ने बिहार की सीमा में प्रवेश किया, राज्य सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने पूजा-अर्चना कर इसका भव्य स्वागत किया। उन्होंने बताया कि यह स्वर्गीय किशोर कुणाल का सपना था, जिसे साकार करने में करीब 10 साल लगे। इस शिवलिंग की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें 1008 शिवलिंग समाहित हैं, जिससे जलाभिषेक करने पर 1008 शिवलिंगों की पूजा का पुण्य प्राप्त होगा।
महावीर मंदिर पटना के सचिव और बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के सदस्य सायन कुणाल ने बताया कि 17 जनवरी, माघ कृष्ण चतुर्दशी के शुभ अवसर पर शिवलिंग की औपचारिक स्थापना की जाएगी। वर्ष 2030 तक तैयार होने वाला विराट रामायण मंदिर अयोध्या के बाद दुनिया का दूसरा सबसे भव्य धार्मिक स्थल होगा, जिससे पूर्वी चंपारण वैश्विक आस्था का केंद्र बनकर उभरेगा.