Brief By Newsbrief / 6:13 PM on 03 Jan 2026
मुजफ्फरपुर: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुजफ्फरपुर के जिला कृषि पदाधिकारी (DAO) सुधीर कुमार को उनके निजी आवास से 19 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। सुधीर कुमार वर्तमान में परियोजना निदेशक (आत्मा) और सहायक निदेशक (शस्य), तिरहुत प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।
यह मामला कृषि विभाग के एक संविदा कर्मी संतोष कुमार की पुनः ज्वाइनिंग और सेवा विस्तार से जुड़ा है। आरोप है कि इसके बदले सुधीर कुमार ने कुल 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। आर्थिक मजबूरी में फंसे संतोष कुमार ने 5 दिसंबर को 1 लाख 81 हजार रुपये की पहली किस्त दी थी, जिसके लिए उसे बैंक से लोन लेना पड़ा, पत्नी के गहने गिरवी रखने पड़े और अपनी गाड़ी तक बेचनी पड़ी।
इसके बावजूद आरोपी अधिकारी लगातार शेष 19 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर संतोष कुमार ने पटना स्थित निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। सत्यापन के बाद गठित टीम ने शनिवार को जाल बिछाकर सुधीर कुमार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी विभाग के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। आरोपी के आवास की तलाशी जारी है और उन्हें पटना ले जाकर विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा।