Brief By Newsbrief / 7:32 PM on 02 Jan 2026
वैशाली : नए साल के उत्साह के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पर्यटन नगरी वैशाली में पिकनिक मनाने आए छपरा जिले के भेल्दी निवासी लालबहादुर राम की बेखौफ बदमाशों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया और नाराज लोगों ने शव के साथ एसएच-74 को जाम कर घंटों तक आवागमन ठप कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, लालबहादुर राम अपने कुछ दोस्तों के साथ वैशाली पिकनिक मनाने आया था। इसी दौरान स्थानीय युवकों की बाइक लालबहादुर के पैर से सट गई, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन कुछ देर बाद एक दर्जन की संख्या में पहुंचे युवकों ने लालबहादुर को घेर लिया और बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने उसके दोस्तों के साथ भी मारपीट की।
घायल लालबहादुर को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे और सड़क जाम कर हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे लालगंज एसडीपीओ ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। फिलहाल पुलिस ने कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।