Brief By Newsbrief / 8:03 AM on 02 Jan 2026
रांची:साल 2026 की शुरुआत झारखंड में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे के साथ हुई है. राज्य के अधिकांश जिले शीतलहर की चपेट में हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है. घने कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता काफी कम हो रही है और मौसम विभाग लगातार अलर्ट जारी कर रहा है. ठंड के चलते लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है.
बुज़ुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी
राजधानी रांची समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. बुज़ुर्गों को घर से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। ठंड के कारण 28 से 31 दिसंबर तक स्कूल बंद रहे और 1 जनवरी को अवकाश था. आज से रांची और जमशेदपुर में स्कूल खुल रहे हैं, लेकिन सुबह की कड़ाके की ठंड बच्चों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है. प्रशासन ठंड की स्थिति को देखते हुए आगे कोई फैसला ले सकता है.
सबसे कम तापमान गुमला में
पिछले 24 घंटों में गुमला में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मेदिनीनगर में 5.7 और हजारीबाग में 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. रांची, जमशेदपुर और देवघर में कोहरे का सबसे अधिक असर देखा गया, जहां जमशेदपुर में दृश्यता 600 मीटर तक सिमट गई.
आगे और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट संभव है. आज राज्य का अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.