Brief By Newsbrief / 8:44 PM on 13 May 2025
लंबे समय से बॉलीवुड से दूर रहने वाले एक्टर सूरज पंचोली अब 4 साल बाद फिल्म केसरी वीर से बॉलीवुड में एक बार फिर वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म के साथ आकांक्षा शर्मा भी अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करेंगी। केसरी वीर में सोमनाथ मंदिर की कहानी दिखाई जाएगी। वहीं सूरज पंचोली और आकांक्षा शर्मा के अलावा फिल्म में सुनील शेट्टी और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में सूरज पंचोली और आकांक्षा शर्मा के बीच अच्छी केमिस्ट्री के साथ-साथ भरपूर एक्शन सीक्वेंस भी देखने को मिलेंगे।
बता दें कि फिल्म को प्रिंस धीमान ने डायरेक्ट किया है, वहीं फिल्म के निर्माता हैं कनु चौहान। फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है, जिसमें 3 मिनट के ट्रेलर में फिल्म को लेकर कई सारी चीजें साफ हो जाती हैं। सुनील शेट्टी और सूरज पंचोली फिल्म में सोमनाथ मंदिर के रक्षक बने हैं, वहीं अभिनेता विवेक ओबेरॉय विलेन का रोल निभाते नजर आएंगे। बता दें कि फिल्म 23 मई को रिलीज होगी। इतिहास पर आधारित यह फिल्म लोगों के लिए एक्शन, ड्रामा और इमोशन्स से भरपूर होने वाली है।
लंबे समय से फिल्मों से दूर थे सूरज पंचोली
सूरज पंचोली काफी लंबे समय से फिल्मों से दूर थे। इससे पहले सूरज पंचोली ने साल 2021 में फिल्म टाइम टू डांस में काम किया था। बताते चलें कि अभिनेता सूरज पंचोली पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं। अभिनेत्री जिया खान के सुसाइड केस में सूरज पंचोली का नाम आया था। वहीं सूरज पंचोली के पिता आदित्य पंचोली और मां ज़रीना वहाब भी फिल्मों में काम कर चुकी हैं।