Brief By Newsbrief / 7:08 PM on 03 May 2025
रामगढ़ : करीब छह माह और एक साल पहले चोरी हुए मोबाइल पाकर दो दर्जन से अधिक लोगों के चेहरे खिल उठे. सभी ने कहा कि वाह, यह तो कमाल हो गया. आपको बताते चलें कि विभिन्न थाना क्षेत्र से चोरी और गायब किए गए करीब दो दर्जन मोबाइल रामगढ़ पुलिस की ओर से बरामद किया गया है. यह बरामदगी राजधानी रांची के अलावा बोकारो, हजारीबाग समेत दूसरे जिलों से की गई है. इतनी बड़ी संख्या में पहली बार ऐसी बरामदगी हुई है. शुक्रवार की शाम करीब 15 मोबाइल मालिक रामगढ़ एसपी ऑफिस पहुंचे. यहां सभी को पहचान पत्र देखने के बाद उनका चोरी गया मोबाइल सौंप दिया गया.
रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने बताया कि जिले के अलग-अलग थाना व ओपी से मोबाइल गुम होने की शिकायत मिल रही थी. इसमें लोगों ने पुलिस से मोबाइल की बरामदगी की मांग की थी. जनता की मांग पर इसके समाधान के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया. इस टीम के टेक्निकल शाखा को तमाम मोबाइल गुम होने से संबंधित प्रतिवदेन पर अनुसंधान करने को कहा गया. जांच में करीब 21 मोबाइल को उपयोग में पाया गया. इसके बाद टावर लोकेशन के आधार पर सभी मोबाइल जब्त किए गए.
गठित टीम ने रामगढ़ जिला व राज्य के रांची, हजारीबाग, बोकारो जाकर तकनीकी साक्ष्य के आधार पर छापामारी की. इसमें 21 व्यक्तियों के मोबाइल को बरामद किया गया है.एसपी ने बताया कि 15 लोगों ने अपना मोबाइल प्राप्त कर लिया है.