Brief By Newsbrief / 9:29 PM on 11 Apr 2025
रांची : राजनीतिक गलियारे से बड़ी खबर सामने आयी है. भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी ने भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने त्यागपत्र जारी कर कहा है कि वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं. मिली जानकारी के अनुसार, ताला मरांडी झामुमो में शामिल होने जा रहे हैं. आज वे बरहेट के भोगनाडीह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष झामुमो की सदस्यता ग्रहण करेंगे.
बताते चलें कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी ने 2019 में आजसू के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था. उस दौरान भाजपा ने उनका टिकट काट दिया, जिसके बाद उन्होंने पार्टी को अलविदा कह दिया. अगर ताला मरांडी की बात करें तो रघुवर सरकार के दौरान उन्हें तुरंत भाजपा की कमान सौंप दी गई थी, उसके बाद उनके नाम पर कई विवाद जुड़े, जिसका नतीजा यह हुआ कि प्रदेश अध्यक्ष का टिकट कट गया. वे दो बार बोरिया से विधायक रह चुके हैं.
आजसू में शामिल होने के बाद भी ताला की किस्मत नहीं खुली और उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद उन्होंने वापस भाजपा का रुख किया और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें राजमहल सीट से उम्मीदवार बनाया, लेकिन यहां भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन अब वे झारखंड मुक्ति मोर्चा में शामिल हो रहें हैं.