Back

रामनवमी को लेकर रांची पुलिस सतर्क, ड्रोन से हर छत की निगरानी

Brief By Newsbrief / 9:30 PM on 04 Apr 2025


रांची: रामनवमी पर्व को देखते हुए रांची पुलिस अलर्ट मोड पर है. शहर के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है. इसके अलावा रामनवमी शोभायात्रा के सभी रूटों का ड्रोन सर्विलांस भी शुरू कर दिया गया है. ड्रोन के जरिए हर घर के छत की तलाशी ली जा रही है ताकि जुलूस के दिन कोई भी आसामाजिक तत्व माहौल न खराब कर सके.

बता दें कि, डीआईजी सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा के निर्देशानुसार जिन-जिन रास्तों से रामनवमी की जुलूस निकाली जाएगी उन रास्तों पर पड़ने वाले घरों की छत की तलाशी ड्रोन से की जा रही है. ऐसे में जिन घरों के छत पर ईंट-पत्थर या फिर कोई भी आपत्तिजनक सामान पाया जाएगा तो उन्हें नोटिस भेजा जाएगा. एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि रामनवमी शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. ड्रोन के जरिए हर इलाके के एक-एक घर के छत का फुटेज इकट्ठा किया जा रहा है. ताकि किसी भी तरह की साजिश को नाकाम किया जा सके और पर्व शांतिपूर्ण मन सके.  

वहीं, ड्रोन के अलावा इस बार पहली बार रांची में रामनवमी जुलूस की निगरानी 500 सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी. इसे लेकर पुलिस प्रशासन ने भी अपनी तैयारी कर ली है. जिन मुख्य सड़कों से रामनवमी की शोभायात्रा निकलेगी वहां सीसीटीवी कैमरे लगाये गए हैं. रांची के अल्बर्ट एक्का चौक से होते हुए रामनवमी शोभा यात्रा तपोवन मंदिर तक पहुंचती है. ऐसे में अल्बर्ट एक्का चौक पर अधिक कैमरे लगाए गए हैं. साथ ही ड्रोन के जरिए भी पुलिस निगरानी करेगी.

Read more on Newsbrief