Back

जेएसएससी पेपर लीक मामले की जांच ईडी के हाथ,पुलिस से मांगी एफआईआर की कॉपी

Brief By Newsbrief / 5:37 PM on 06 Feb 2024


रांची : जेएसएससी सीजीएल पेपर लीक केस में मनी लाउंड्रिंग की जांच अब ईडी करेगी. ईडी इस मामले पर ईसीआर दर्ज करेगी. इस संबंध में ईडी ने रांची पुलिस को पत्र लिखकर जेएसएससी की ओर से नामकुम थाना में दर्ज करायी गयी एफआईआर की कॉपी मांगी है.

 

बता दें कि 28 जनवरी को पेपर लीक मामला सामने आने के बाद नामकुम थाने में आयोग की प्रभारी अवर सचिव मधुमिता कुमार ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. जेएसएससी के द्वारा दर्ज कराए गए मामले में बताया गया था कि परीक्षा शुरू होने के पहले प्रश्न पत्र लीक हो गया था. इसकी जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से आयोग मिली थी. केस के अनुसंधान की जिम्मेदारी सदर डीएसपी प्रभात रंजन बरवार को दी गई है. जेएसएससी के द्वारा दर्ज मामले में धारा 467, 468, 420, 120बी आईपीसी व 66 आईटी एक्ट, झारखंड कंडक्ट ऑफ एग्जामिनेशन एक्ट 2001 के तहत केस दर्ज किया था.

 

वहीं इस मामले को लेकर झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी. बता दें कि जेएसएससी की ओर से आयोजित सामान्य स्नातक योग्यताधारी सीजीएल 2023 का प्रश्न लीक हो गया था. जिसके बाद छात्रों ने हंगामा करते हुए धरना प्रदर्शन किया था और सीबीआई जांच की मांग की थी. छात्रों की मांग पर ही ईडी पेपल लीक मामले की जांच करेगी.

Read more on Newsbrief