Brief By Newsbrief / 9:43 PM on 26 Dec 2023
रांची : राजभवन के समक्ष पिछले दो महीने से अधिक समय से आंदोलन कर रहे टेट पास पारा शिक्षकों के सब्र का बांध आज टूट चुका है. आज सभी टेट पास पारा शिक्षक अपनी मांगों को लेकर सीएम हाउस घेराव करने वाले थे. इसी के तहत सभी टेट पास पारा शिक्षक अपने निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक राजभवन से सभी सीएम आवास घेराव के लिए निकल रहे थे. लेकिन पुलिस ने उन्हें धरना स्थल पर ही बैरिकेटिंग कर रोक दिया. हालांकि पुलिस की बैरिकेटिंग करने के कारण काफी लंबे समय तक टेट पास पारा शिक्षकों ने इसका विरोध किया. लेकिन पुलिस प्रसाशन की व्यापक तैयारी के आगे यह विवश दिखे.
हमारी मांगो पर सरकार नहीं दे रही ध्यान
इस मौके पर समन्वय समिति के प्रदेश संरक्षक प्रमोद कुमार ने कहा कि हम सभी राज्य सरकार से लगातार वेतनमान की मांग कर रहे हैं. इसे लेकर टेट पास पारा शिक्षक लगातार राजभवन के समझ आंदोलन कर रहे हैं. लेकिन इसके बाद भी सरकार आज तक हमारी किसी बातों का ध्यान नहीं दे रही है. अब तक न तो सरकार ने और न ही विभाग ने किसी तरह की पहल की है. ऐसे में टेट पास पारा शिक्षकों के सब्र का बांध टूट रहा है. हम लंबे समय से सरकार से बात करने की कोशिश कर रहे है. लेकिन सरकार हमसे बात करना तो दूर मिलने पर भी रोक लगा रही है.