Brief By Newsbrief / 6:39 PM on 01 Apr 2023
दुमका(DUMKA): खतियान आधारित स्थानीय और नियोजन नीति की मांग को लेकर छात्र समन्वय समिति द्वारा 1 अप्रैल को संथाल परगना प्रमंडल बंद का आह्वान किया गया है. दुमका सहित पूरे प्रमंडल में बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है. दुमका की सड़कों पर सुबह से ही काफी संख्या में छात्र उतर कर आवागमन को पूरी तरह बाधित किए हुए हैं. विभिन्न चौक चौराहों पर छात्रों की टोली सड़कों पर बैठकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं और खतियान आधारित स्थानीय और नियोजन नीति लागू करने की मांग कर रहे है. छात्रों का आरोप है कि राज्य बने 22 वर्ष से ज्यादा बीत गए लेकिन अभी तक किसी भी सरकार ने स्पष्ट स्थानीय और नियोजन नीति लागू नहीं की है जिसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है. छात्र पढ़ाई करते-करते बूढ़े हो जा रहे हैं लेकिन उन्हें नौकरियां नहीं मिल रही है. यह सामाजिक ताना छात्रों को सुनना पड़ रहा है. आने वाली पीढ़ी को भी यह ताना नहीं सुनना पड़े इसलिए छात्र सड़कों पर है और सरकार को चेतावनी भी दे रहे.