Back

अमृतसर का कुख्यात अपराधी जमुई में गिरफ्तार,कनाडा के गैंगस्टर से है संबंध

Brief By Newsbrief / 6:48 PM on 28 Sep 2022





जमुई(JAMUI): जमुई पुलिस ने सोमवार की देर रात गरही थाना क्षेत्र के दारिमा गांव से अमृतसर पंजाब का कुख्यात अपराधी करन मान को गिरफ्तार किया है. पंजाब के एकता नगर चामरंग रोड निवासी गिरफ्तार करन मान के खिलाफ पंजाब  में कई संगीन मामले दर्ज हैं.  जानकारी देते हुए एसडीपीओ डॉक्टर राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को खुफिया सूचना मिली कि अमृतसर निवासी कुख्यात करन मान एवं अर्जुन मान गरही इलाके में छुपा है और दोनों का संबंध कनाडा के एक गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लांडा से है.  सूचना के आलोक में एक टीम गठित की गई. जिसमें एएसपी अभियान ओंकार नाथ और एसडीपीओ के साथ मल्टीपल टीम का गठन किया गया और दोनों अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए दरिमा गांव एवं आस पास के इलाके में सर्च अभियान चलाया गया. इस दौरान दरिमा गांव से एक व्यक्ति संदेहास्पद परिस्थिति में भागने का प्रयास कर रहा था. शक होने पर जवानों ने उसे पकड़ लिया. 

हथियार सप्लायर गिरोह से भी संबंध

पूछताछ में उसने अपना नाम करन मान बताया और यह भी स्वीकार किया कि उसके खिलाफ पंजाब अमृतसर में कई संगीन मामले दर्ज हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए दरिमा में छुपने आया था.साथ ही उसने यह भी स्वीकार किया कि उसका संबंध कनाडा  के लांडा गैंग से है और वह हथियार सप्लायर गिरोह से भी संबंध रखता है.  खुफिया विभाग से करन मान का विवरण साझा किया गया और  पंजाब पुलिस को इस संदर्भ में सूचना दी गई. पंजाब पुलिस द्वारा पुष्टि की गई कि उक्त अपराधी के खिलाफ उनके यहां विभिन्न धाराओं के तहत कई कांड दर्ज हैं उम्मीद किया जा रहा है कि पंजाबी सिंगर सिद्धू मुसेवाला की हत्या में भी यह शामिल रहा है. इसका शुमार पंजाब का कुख्यात अपराधियों में है. बाद में सत्यापन के उपरांत पुलिस ने गिरफ्तार करन मान को पंजाब पुलिस को सुपुर्द कर दिया है. 

Read more on Newsbrief