Brief By Newsbrief / 5:51 PM on 24 Jun 2022
लोहरदगा (LOHARDAGA): लोहरदगा नगर परिषद ने शहरी इलाको में समुचित लाइट की व्यवस्था नहीं की है. सड़क के किनारे खतरनाक प्वाइंट पर रेडियम स्टिकर तक नहीं लगाया गया है. इसकी वजह से आएं दिन सड़कों पर देर रात बड़े वाहनों की दुर्घटना होती है. सड़क सुरक्षा समिति केवल बैठकों तक सीमित रह गया है. कई बार इस सम्बन्ध में विभाग को जानकारी देने के साथ सम्भावना भी व्यक्त किया गया था. लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है. ऐसे में सड़क हादसे का नया मामला लोहरदगा शहरी क्षेत्र से सामने आया है. यहां देर रात एक बारह चक्का ट्रक रेलवे डिवाइडर से जा टकराया. यह ट्रक उड़ीसा राज्य का है. देर रात यह ट्रक डालटनगंज की ओर जा रही थी. हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. स्थानियों ने ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाला. लेकिन दुर्घटना के कारण वाहनों का लंबा जाम लग गया. सूचना पर लोहरदगा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. जाम को हटाया और क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को भी बीच सड़क से हटाया गया.
जानिए घटनाक्रम
ट्रक का डिभाइडर से भिड़त इतना जबर्दस्त था की ट्रक के सामने का बोनट पूरी तरह से धंस गया. दुर्घटना के कारण गाड़ियों की लम्बी लाइन लग गई. जाम की हालत देख अंचल पदाधिकारी लोहरदगा थाना प्रभारी को सूचना दी गई. थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंच कर जाम को हटाया और क्रेन से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को हटाया. वहीं ड्राइवर को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल भेजा गया.
झारखंड और भारत में क्या है आंकड़ा
विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक दुनिया भर में सड़क हादसों में मारे गए 10 लोगों में से कम से कम एक भारत से होता है. भारत के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पिछले साल रोड एक्सिडेंट्स इन इंडिया-2020 नामक एक रिपोर्ट जारी की थी. जिसमें बताया गया है कि वर्ष 2020 में कुल 1,20,806 दुर्घटनाओं में से 43,412 राष्ट्रीय राजमार्गों पर, 30,171 राज्य राजमार्गों पर और 47,223 अन्य सड़कों पर हुईं. वर्ष 2020 के दौरान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सड़क हादसे में 1,31,714 लोगों की जान गई और 3,48,279 लोग घायल हुए. हर एक सौ सड़क हादसे में 36 लोगों की जान गई जो कि साल 2019 के 33 के मुकाबले कहीं अधिक है. इधर, झारखंड में वर्ष 2017 में 40 मौतें हुई थी. जबकि वर्ष 2018 में 72, वर्ष 2019 में 93, वर्ष 2020 में 119 और वर्ष 2021 में 132 मौतें सड़क हादसे में हुई हैं.