Back

आईजी कार्यालय में दिव्यांग ने छिड़का पेट्रोल, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप।

Brief By Newsbrief / 6:58 PM on 12 Jun 2022


मुजफ्फरपुर(MUZAFFARPUR): मुजफ्फरपुर के आईजी पुलिस के कार्यालय में उस वक्त अफरातफरी का माहौल कायम हो गया, जब एक व्हील चेयर पर एक व्यक्ति आत्मदाह करने पहुंच गया. उसने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने की धमकी दी. जिले के कुढ़नी प्रखंड के माधोपुर का रहनेवाला रविंद्र यादव का आरोप था कि सदर थाना की पुलिस उसके नाबालिग बेटे को बाइक लूट के केस में पकड़ कर थाना ले आई है और पिछले चार दिनों से उसके नाबालिग बेटे को थाना पर रखा गया है. जबकि कानून के अनुसार चौबीस घंटे के अंदर में अदालत के सामने आरोपी को पेश करना होता है. रविंद्र यादव ने बताया कि जब वह सदर थानाध्यक्ष से मिलकर अपने बेटे के नाबालिग होने का कागज सौंपने गया तो थानाध्यक्ष ने उसे पटक कर मारने की धमकी दी है. 
एक ही दिन दो बाइक की आरोपी ने की लूट
पूरे मामले पर जब सदर थानाध्यक्ष सत्येंद्र मिश्रा से सवाल पूछा गया तो सत्येंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है. उस पर सात से आठ मामले दर्ज हैं. वह नाबालिग है या नहीं यह तो जांच का विषय है. अभी उसे गिरफ्तार कर कोर्ट भेजा गया है. उन्होंने बताया कि उसने एक ही दिन दस मिनट के अंदर दो बाइक को लूट लिया था जिसके बाद पुलिस ने यह करवाई की है. सारे सबूत और साक्ष्य आरोपी के खिलाफ है. पुलिस गिरोह के अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. 

Read more on Newsbrief