Brief By Newsbrief / 7:25 PM on 07 Jun 2022
चाईबासा(CHIBASA): सारंडा के करमपदा, थोलकोबाद, चेरवालोर, धर्नादिरी, बालेहातु, कादोडीह आदि गांव के बच्चे 6 जून को स्कूल बस नहीं आने की वजह से स्कूल नहीं जा पाए. 6 जून को बच्चों का स्कूल खुला था और वर्ग 1 से 7 तक के बच्चों की गणित की परीक्षा थी. लेकिन बस नहीं आने के कारण सभी बच्चे आज परीक्षा से वंचित हो गये. इस बाबत ग्रामीणों व बच्चों ने बताया कि सारंडा के गांवों के बच्चों को स्कूल लाने व ले जाने के लिये सेल प्रबंधन भाड़े की बस उपलब्ध कराती है. थोलकोबाद व करमपदा क्षेत्र के बच्चों के लिये अलग-अलग बस की व्यवस्था है. लेकिन आज दोनों स्थानों पर कोई भी बस नहीं गई. इसी वजह से बच्चे बस का इंतजार कर वापस लौट गए.
बस संचालक ने कहा स्कूल प्रबंधक ने नहीं दी जानकारी
वहीं थोलकोबाद क्षेत्र के बच्चों के लिये बस उपलब्ध कराने वाले बस संचालक रामाशीष गुप्ता ने बताया की हमें स्कूल प्रबंधन द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई थी कि आज स्कूल खुल गया एंव परीक्षा भी है. जानकारी के अभाव में आज बस नहीं भेजा गया. कल से बस नियमित भेजा जायेगा. रामाशीष ने बताया की करमपदा क्षेत्र के लिये बस की निविदा समाप्त है. सेल प्रबंधन नयी निविदा कराई है एंव संभावना है कि 2-4 दिन में निविदा खुलने के बाद नये सिरे से बस संचालक को बस चलाने का कार्यादेश मिल जाए. इसके बाद करमपदा का भी समस्या का समाधान हो जायेगा.