Brief By Newsbrief / 1:45 PM on 11 May 2022
जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में प्रति व्यक्ति पानी की खपत राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है. जमशेदपुर में प्रति व्यक्ति पानी की खपत 200लीटर प्रतिदिन है जबकि राष्ट्रीय औसत 130लीटर प्रतिदिन है. इसका खुलासा टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (पहले जुस्को) द्वारा कराये गये सर्वे में हुआ है.टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (पहले जुस्को) के एमडी तरुण डागा ने बिष्टुपुर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ये जानकारी साझा की. तरूण डागा ने कहा कि टाटा स्टील पानी की सप्लाइ को लेकर गंभीर है और लगातार पानी के कनेक्शन दिए जा रहे हैं. इसके अलावा जमशेदपुर के पूर्वी और पश्चिम एरिया में पानी का नया प्रोजेक्ट चल रहा है जिसके तहत 24 महीनों में दस हजार कनेक्शन दे दिए जाएंगे..
इस एरिया में पानी की आपूर्ति के लिए किया जा रहा काम
एमडी तरूण डागा ने कहा कि बिरसानगर मोहरदा जलापूर्ति योजना और घोड़ाबांधा जलापूर्ति योजना को भी संचालित किया जा रहा है. हालांकि भुइयांडीह और बाबूडीह समेत अन्य कई इलाके हैं जहां पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है. इसको 2025 तक पूरा कर लेने की योजना है क्योंकि इसके लिए पूरा सिस्टम खड़ा करना होगा. एमडी ने बताया कि जमशेदपुर में अभी 64 वर्ग किलोमीटर एरिया में 49729 लोगों के घरों तक पानी पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि रोजाना 213 मिलियन लीटर पानी का ट्रीटमेंट होगा. फिलहाल कुल 730 किलोमीटर का पानी का नेटवर्क बिछा हुआ है. सीवरेज का कनेक्शन 45000 है जबकि सीवर नेटवर्क 540 किलोमीटर का है. उन्होंने बताया कि टाटा स्टील यूटिलिटीज दोमुहानी, रामजनमनगर, मकदंप बस्ती, गोलमुरी नामदा बस्ती, लक्ष्मीनगर, बर्मामाइंस आजादबस्ती, सिदगोड़ा के बागुनहातू एरिया में पानी की आपूर्ति करने के लिए काम चल रहा है.
एमडी ने बताया कि बिरसानगर के इलाके में मोहरदा जलापूर्ति योजना के तहत दिन में दो बार पानी की सप्लाइ की जा रही है. लेकिन इसको और बेहतर बनाने की कोशिशें जारी है.
सड़कों के चौड़ीकरण और चाक चौबंद बनाने का कार्य जारी
जमशेदपुर की सड़कों को चाक चौबंद करने और सड़क चौड़ीकरण का कार्य निरंतर जारी रखने के लिए टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लिमिटेड (पहले जुस्को) की ओर से कदम उठाये जा रहे है. एमडी ने बताया कि मरीन ड्राईव की सड़क की मरम्मत का कार्य लगातार चल रहा है. फुटओवर ब्रिज के संबंध में तरूण डागा ने बताया कि एल टाऊन में 2023 तक यह बन जाएगा. साथ ही शहर में और कहां इसकी जरुरत है उसकी स्टडी की जाएगी.
मई के अंत तक सड़क जोड़ने का काम होगा पूरा
बेल्डीह क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एमडी के अलावा टाउन सर्विसेज के सीनियर जीएम धनंजय मिश्रा,वीपी सिंह समेत अन्य लोग मौजूद थे. एमडी ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि सर्किट हाऊस गोलचक्कर से लेकर मैरिन ड्राइव तक कीसड़क जोड़ने का काम मई के अंत तक पूरा किया जाएगा. इसके तहत 10 मीटर का चौड़ीकरण होगा जबकि 1.5 मीटर पैदल चलने के लिए फुटपाथ बनाया जा रहा है. साथ ही बीच में ग्रिल लगाकर वन वे बनाया जा रहा है. सर्विस रोड का भी निर्माण हो रहा है. एमडी तरुण डागा ने बताया कि फिलहाल, टाटा स्टील यूटिलिटीज के पास मानगो नदी पर कोई नया पुल बनाने की कोई योजना नहीं है.