Brief By Newsbrief / 11:07 PM on 28 Apr 2022
परिसदन में प्रेस वार्ता का आयोजन, कहा हेमंत परिवार मूल रुप से कहां का है यह समझ पाना मुश्किल है
दुमका (DUMKA) – राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी 5 दिवसीय संथाल परगना प्रमंडल दौरे पर पहुंचे दुमका. बाबूलाल मरांडी दुमका में हो और यहां का राजनीतिक पारा ना बढ़े ऐसा हो नहीं सकता. बता दें कि बीते दिन उन्होंने बसंत सोरेन पर निशाना साधा था. वहीं गुरुवार परिसदन में हुए प्रेस वार्ता के दौरान उनके निशाने पर शिबू सोरेन और हेमंत सोरेन रहे. उन्होंने शिबू सोरेन परिवार को झारखंड का बहुरूपिया करार दिया. प्रेस वार्ता के दौरान बाबूलाल मरांडी ने जमीन के खरीद से संबंधित 66 डीड का दस्तावेज मीडिया के समक्ष रखा और सभी डीड सोरेन परिवार से संबंधित था. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सोरेन परिवार को जहां का जमीन खरीदना होता है, वह वहां के वाशिंदे हो जाते हैं. खासकर वैसे जिलों में जहां सीएनटी एक्ट लागू है. उन्होंने कहा कि सीएनटी एक्ट के धारा 46 के अधीन यह प्रावधान है कि आदिवासियों की जमीन की खरीद बिक्री तो हो सकती है. लेकिन क्रेता और विक्रेता दोनों उसी थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
बाबूलाल ने अधिकारियों को लिया आड़े हाथ
इसके साथ ही बाबूलाल ने कही कि सोरेन परिवार जब धनबाद में जमीन खरीदते हैं, वह धनबाद के वाशिंदे हो जाते हैं. जब रांची में जमीन खरीदते हैं, तो रांची के वाशिंदे हो जाते हैं. तो आखिर यह परिवार मूल रूप से कहां का हैं यह समझा मुश्किल है. इसकी शिकायत वह राज्यपाल से मिलकर करेंगे ताकि पता चल सके सोरेन परिवार कहां के वाशिंदे है. उन्होंने अधिकारियों को भी आड़े हाथों लिया. कहा कि सीएनटी एक्ट के तहत एक ही थाना क्षेत्र के क्रेता और विक्रेता होने के बाबजूद डीसी की अनुमति आवश्यक होती है तो सीएम के पद पर रहते हुए वह बहुरूपिया बने हुए हैं और बहुरूपिया से राज्य का भला नहीं हो सकता.