Brief By Newsbrief / 12:58 AM on 26 Mar 2022
लोहरदगा(LOHARDAGA): गोड्डा के महगामा स्थित बंधन बैंक से 16,70,000 रूपए की लूटकांड में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस संदर्भ में एसडीपीओ बीएन सिंह ने बताया कि समस्तीपुर जिला निवासी बॉम्बे कुमार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लोहरदगा शहरी क्षेत्र के नदिया स्थित एक किराए के मकान से एक लोडेड पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, मैगजीन के अलावे एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है. इस गिरोह का सरगना निशांत उर्फ रम्मी उर्फ बादशाह बताया गया.
एसडीपीओ ने दी जानकारी
एसडीपीओ ने बताया कि ये लोग लोहरदगा में किसी घटना को अंजाम देने के फिराक में थे. इस गिरोह के अन्य सदस्य भी लोहरदगा आने वाले थे. इसी क्रम में पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गोड्डा एसपी और लोहरदगा एसपी के संयुक्त कार्रवाई के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. साथ ही अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई की जा रही हैं. गोड्डा और लोहरदगा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता प्राप्त हुई. साथ ही अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी की दिशा में पुलिस के द्वारा कार्रवाई की जा रही है.