Brief By Newsbrief / 7:32 PM on 16 Mar 2022
पलामू(PALAMU): विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पांकी से भाजपा विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने जिस सड़क को लेकर सदन में प्रश्न पूछे और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए, बीते दिन उसी सड़क के संवेदक ने विधायक पर कमीशन मांगने का आरोप लगाया है. मेदिनीनगर में मीडिया से बातचीत करते हुए संवेदक राघवेन्द्र कुमार उर्फ राजू सिंह ने विधायक शशिभूषण मेहता पर कमीशन मांगने का आरोप लगाया. राज कंट्रक्शन के संवेदक राघवेन्द्र ने बताया कि जिले के तरहसी प्रखंड के सुग्गी देवी मंदिर से श्रीकेदाल शिव मंदिर तक सड़क का सुदृढी़करण किया जा रहा है. छठ महापर्व के अवसर पर उनसे पांकी विधायक ने दो लाख रूपए की राशि प्रसाद वितरण के नाम पर चंदे के रूप में ले ली थी. इधर, एक सप्ताह पूर्व विधायक के लोगों ने उनसे पुनः तीन लाख रूपए की कमीशन मांगी है. उन्होंने सगालीम स्थित विधायक आवास पर इस सिलसिले में विधायक से मुलाकात की, लेकिन विधायक ने कुछ भी सुनवाई नहीं की.
उन्होंने कहा कि विधायक ने ठेकेदारी में अपना हिस्सा भी मांगा. ठेकेदार ने आरोप लगाते हुए कहा कि अगर वह कमीशन के तीन लाख रूपए विधायक को दे देते तो विधायक निर्माण स्थल पर नहीं जाते और विधानसभा में प्रश्न नहीं उठाते. संवेदक राघवेन्द्र ने कहा कि पूरे झारखंड में ऐसी गुणवत्तापूर्ण सड़क नहीं बनायी जा रही है. वे खुल्लम-खुल्ला जांच एजेंसियों को आमंत्रित करते हैं कि वह कार्य की जांच कर लें.
विधायक से बातचीत का ऑडियो भी है संवेदक के पास
एक प्रश्न के जवाब में ठेकेदार राघवेन्द्र ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग द्वारा एक करोड़ 14 लाख रूपए की लागत से तीन किलो मीटर कालीकरण एवं 200 मीटर पीसीसी पथ का निर्माण होना है. उन्होंने कहा कि इस पथ पर दो पुलिया एवं गार्डवाल भी बनने हैं. उन्होंने कहा कि विभाग से अबतक उन्हें 40 लाख रूपए का भुगतान हो चुका है, लेकिन विभाग के किसी भी अधिकारी ने उनसे कमीशन की मांग नहीं की है. उन्होंने विधायक से बातचीत की ऑडियो क्लिप भी पत्रकारों को सुनाया. सड़क ठेकेदार ने कहा कि विभाग उनके साथ खड़ा है. उन्होंने कहा कि विधायक की करतूत से विभाग के कर्मी भी नाराज हैं. उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से उन्हें काम रोकने का कोई भी निर्देश नहीं दिया गया है और आज भी सड़क पर निर्माण कार्य जारी है. एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि विधायक ने पेटी कांट्रैक्ट पर काम दूसरे को देने की बात कही है, जो सरासर गलत है.
संवाददाता सम्मेलन के सूत्रधार झामुमो नेता झारखंड मुक्ति मोर्चा के युवा नेता एवं पांकी विधानसभा क्षेत्र से आने वाले ओमकार नाथ जायसवाल ने कहा कि विधायक शशिभूषण मेहता को विधायकी की गरिमा बनाए रखनी चाहिए. उन्होंने कहा कि विधायक विधानसभा में गलत जानकारियां देकर सदन को गुमराह करते हैं. उन्होंने कहा कि विधायक की इस करतूत के लिए विधानसभा को इनकी विधायकी समाप्त कर देनी चाहिए.
15 साल की लूट की संस्कृति अब नहीं चलेगी
पांकी विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता ने कहा कि पांकी विधानसभा क्षेत्र में 15 साल से लूट मची थी, लेकिन यह संस्कृति अब नहीं चलने दी जायेगी. निर्माण कार्य गुणवतापूर्ण करना होगा. जहां तक बात तरहसी सड़क की है तो संवेदक यह स्पष्ट करें कि उन्हें निर्माण कार्य करने के लिए जिम्मेवारी मिली थी कि सब लेट करने के लिए. कौन ठेकेदार रात के अंधेरे में पुलिया निर्माण में लगाए गए छड़ को निकाल कर ले जाता है. घटिया निर्माण कार्य करता है. मामले में जब उचित प्लेटफार्म पर शिकायत की गयी तो संवेदक तिलमिला गया हैं और अनाप-शनाप बयान दे रहा है. कमीशन मांगने की बात बेबुनियाद और सत्य से परे है.